Snake prevention tips: घर में पुराना कबाड़ जमा करना, गार्डन में घनी घास छोड़ देना या गमलों में पानी जमा रहने देना… ये छोटी-छोटी गलतियां आपके घर को सांपों का ठिकाना बना सकती हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक सांप इंसानों के पास खुद नहीं आते, बल्कि वे सुरक्षित जगह और भोजन की तलाश में घरों की ओर खिंचे चले आते हैं। खासकर गर्मी और बारिश के मौसम में कुछ चीजें सांपों के लिए चुंबक का काम करती हैं। अगर समय रहते सावधानी न बरती जाए तो खतरा बढ़ सकता है।
घर में कबाड़ और कचरा जमा करना
सांपों को अंधेरी, ठंडी और शांत जगहें बेहद पसंद होती हैं। अगर घर के कोनों, स्टोर रूम या गार्डन के पास पुराने डिब्बे, लकड़ियां, टूटे फर्नीचर या कबाड़ का ढेर पड़ा है, तो वहां सांप आसानी से छिप सकते हैं। बारिश और गर्मी में ऐसी जगहें उनके लिए सुरक्षित ठिकाना बन जाती हैं।

गमलों के नीचे जमा पानी
गार्डनिंग करने वाले लोग अक्सर गमलों के नीचे ट्रे या प्लेट रखते हैं, लेकिन इनमें जमा पानी से कीड़े-मकोड़े, मेंढक और चूहे आने लगते हैं। ये सभी जीव सांपों का पसंदीदा भोजन होते हैं। जैसे-जैसे इनकी संख्या बढ़ती है, वैसे-वैसे सांप भी उस जगह की ओर आकर्षित होने लगते हैं।
लंबी और घनी घास
अगर लॉन या गार्डन की घास समय पर नहीं काटी जाती, तो वह सांपों के लिए बेहतरीन छिपने की जगह बन जाती है। घनी झाड़ियां और जंगली घास ठंडा और नमी वाला माहौल तैयार करती हैं, जहां सांप आसानी से अपना ठिकाना बना लेते हैं।
खुले डस्टबिन और बचा हुआ खाना
घर के बाहर खुले डस्टबिन रखना भी खतरनाक साबित हो सकता है। खाने की गंध से पहले चूहे और छिपकलियां वहां पहुंचते हैं और फिर उनका शिकार करने सांप भी आ जाते हैं। एक्सपर्ट्स कहते हैं कि सांप हवा में गंध को बहुत तेजी से पहचान लेते हैं, इसलिए गंदगी और खुले कूड़ेदान उन्हें घर तक खींच लाते हैं।
कैसे करें बचाव?
घर और गार्डन के आसपास साफ-सफाई रखें, घास की नियमित कटाई करें, कबाड़ जमा न होने दें और डस्टबिन हमेशा बंद रखें। गमलों के नीचे पानी जमा न होने दें। थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े खतरे से बचा सकती है।

