
गोसाईगंज लखनऊ। गोसाईगंज थाना पुलिस ने लूट और छिनैती की घटनाओं में वांछित शातिर गैंग सदस्य आयुष शाक्य को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को उसके घर से पकड़ने के बाद आज न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी डी.के. सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की। थाना पीजीआई पुलिस ने 9 सितंबर 2025 को गैंग लीडर सुमित चौहान (पुत्र राकेश चौहान, निवासी नेपालगंज, तेलीबाग), आयुष शाक्य (पुत्र पवन कुमार शाक्य, निवासी डिफेंस कॉलोनी) तथा विकास उर्फ कुल्हड़ (पुत्र स्व. महेश वाल्मीकि, निवासी नेपालगंज) के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया था।
सुमित और विकास को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि आयुष मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा था। आयुष के खिलाफ थाना पीजीआई और थाना आलमबाग में लूट व छिनैती के कई अभियोग दर्ज हैं। वह सुमित के गैंग का प्रमुख सदस्य था, जो संगठित अपराधों में लिप्त रहता था। शातिर अपराधी होने के कारण उसकी तलाश में विशेष टीम गठित की गई थी। 2 जनवरी 2026 की रात्रि को गोसाईगंज पुलिस ने उसके डिफेंस कॉलोनी स्थित निवास से छापा मारकर उसे धर दबोचा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरफ्तारी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए बड़ी राहत है। गैंग की अन्य गतिविधियों की जांच जारी है।

