ओडिशा के भद्रक जिले से एक हैरान कर देने वाली और डरावनी घटना सामने आई है। बॉन्त इलाके में मंगलवार को एक युवक उस समय गंभीर रूप से घायल हो गया, जब वह अपने गले में सांप लपेटकर बाजार में घूम रहा था। अचानक सांप उग्र हो गया और युवक को कई बार काट लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
घायल युवक की पहचान सुबाल साहू के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबाल अपने गले में एक रंग-बिरंगा और दुर्लभ सांप डालकर बाजार में लोगों को दिखा रहा था। इसी दौरान सांप ने उसके दाहिने हाथ पर बार-बार काट लिया, जिससे खून बहने लगा।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सांप के काटने के बावजूद सुबाल उसे लगातार छेड़ता रहा। वह सांप के मुंह को अपने गाल से लगाता और उसकी जीभ को छूता नजर आया। उसकी यह लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती थी।
सांप के काटने के बाद सुबाल की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे तुरंत भद्रक जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक को निगरानी में रखा गया है और उसका इलाज जारी है।




