दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर दंपती से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शराब पीने और अपनी गर्लफ्रेंड पर खर्च करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम देते थे। इन्होंने 23 हजार 900 रुपए लूटे थे, जिसमें से पुलिस को 6 हजार 350 रुपए ही बरामद हुए। शेष राशि आरोपी शराब और गर्लफ्रेंड पर खर्च कर चुके थे। आरोपियों में से दो शादीशुदा हैं, जबकि चार कुंवारे हैं। पूरे मामले का खुलासा डीएसपी अनीशा जैन की मौजूदगी में एसपी अमित कुमार ने किया।
बाइक सवार दंपति से लूट की वारदात
दरअसल 5 जनवरी 2026 को सांवलिया रूंडी निवासी राकेश मईड़ा अपनी पत्नी संगीता के साथ बाइक से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे के वालारूंडी के पास अवैध कट से घुसे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार 6 आरोपियों ने उनका पीछा किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद आरोपियों ने आगे बाइक अड़ा दी और दंपती को डरा-धमकाकर रोक लिया। आरोपियों ने उनके पास से 23 हजार 900 रुपए, मोबाइल और चांदी की दो चूड़ियां लूट ली। आरोपी पांच से अधिक होने पर मामले में डकैती की धारा बढ़ाई गई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।



