कर्नाटक के शिवमोग्गा चिड़ियाघर में एक दर्दनाक हादसे में गर्भवती हिप्पो के हमले से युवा पशु चिकित्सक डॉ. समीक्षा रेड्डी की मौत हो गई। इस घटना ने वन विभाग और चिड़ियाघर प्रबंधन को झकझोर कर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात रूटीन हेल्थ चेकअप के दौरान डॉ. समीक्षा रेड्डी हिप्पो के बाड़े में उसका तापमान जांचने के लिए गई थीं। इसी दौरान गर्भवती हिप्पो ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके लीवर और फेफड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचा।
घटना के तुरंत बाद उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉ. समीक्षा रेड्डी (27) बेंगलुरु के बन्नेरघट्टा क्षेत्र की निवासी थीं और हाल ही में वेटनरी ऑफिसर के रूप में नियुक्त हुई थीं। वह शिवमोग्गा चिड़ियाघर के साथ-साथ त्यावरेकोप्पा में टाइगर और लायन सफारी के लिए प्रशिक्षण ले रही थीं।
इस दुखद घटना पर ईश्वर बी. खंड्रे ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों के लिए 30 लाख रुपये के तत्काल मुआवजे की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने मामले की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश भी दिए हैं।




