कर्नाटक। सकलेशपुर तालुक स्थित प्रसिद्ध बेट्टाडा भैरवेश्वर मंदिर में एक प्री-वेडिंग फोटोशूट उस वक्त हिंसक घटना में बदल गया, जब एक मामूली विवाद ने अचानक बड़ा रूप ले लिया और मौके पर मौजूद लोगों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। जानकारी के मुताबिक, एक कपल अपनी शादी से पहले यादगार तस्वीरें खिंचवाने के लिए इस खूबसूरत और हरियाली से भरे मंदिर परिसर में पहुंचा था, जहां अक्सर लोग प्री-वेडिंग शूट के लिए आते हैं।
फोटोशूट के दौरान फोटोग्राफर्स की टीम मंदिर परिसर में जूते-चप्पल पहनकर अंदर चली गई, जिसे लेकर वहां मौजूद कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते यह बहस तेज हो गई और माहौल गर्म हो गया। कुछ ही मिनटों में विवाद इतना बढ़ गया कि लोगों ने फोटोग्राफर्स पर हमला कर दिया और लात-घूंसे चलने लगे। इस दौरान एक कैमरा भी तोड़ दिया गया, जिससे नुकसान हुआ।
हमले में दो फोटोग्राफर घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सकलेशपुर तालुक अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही सकलेशपुर ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें आशी, प्रशांत, रक्षा, अरविंद, उचित, प्रज्वल और निशांत शामिल हैं। वहीं घायल फोटोग्राफरों की पहचान नवी और नंदन के रूप में हुई है।




