खून से लिखा डेका-साय, यादव के नाम मांग पत्र
31-Dec-2025 8:47 AM
रायपुर, 31 दिसंबर। छत्तीसगढ़ में डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन एक बार फिर सुर्खियों में है।
नियुक्ति न मिलने से नाराज़ अभ्यर्थियों ने अब खून से पत्र लिखकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को भेजा है।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद उन्हें अभी तक नियुक्ति नहीं दी गई है।
धरना स्थल पर बैठे अभ्यर्थियों का कहना है—
“कई साल की पढ़ाई, प्रशिक्षण और प्रतीक्षा के बाद भी सरकार चुप है, इसलिए अब हम खून से अपनी पीड़ा लिख रहे हैं।” प्रदर्शनकारी मांग कर रहे हैं कि लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रिया को तुरंत पूरा किया जाए और सभी पात्र उम्मीदवारों की जल्दी नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
सरकारी पक्ष की ओर से इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

