नई दिल्ली। देश की प्रमुख घरेलू एयरलाइन इंडिगो ने गुरुवार को मौसम और कुछ ऑपरेशनल कारणों से कुल 67 उड़ानें रद्द कर दीं। एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, इनमें से केवल चार उड़ानें ऑपरेशनल कारणों से रद्द की गईं, जबकि शेष उड़ानें खराब मौसम की आशंका और पूर्वानुमान को देखते हुए निरस्त की गईं।
रद्द की गई उड़ानों का असर देश के कई प्रमुख हवाईअड्डों पर देखने को मिला। प्रभावित हवाईअड्डों में आगारतला, चंडीगढ़, देहरादून, वाराणसी और बंगलूरू प्रमुख रूप से शामिल हैं। उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि एयरलाइन की ओर से यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों और रिफंड की सुविधा देने की बात कही गई है।
गौरतलब है कि एविएशन रेगुलेटर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक की अवधि को ‘फॉग विंडो’ घोषित किया है। इस दौरान कोहरे और खराब मौसम के कारण उड़ान संचालन प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में एयरलाइंस एहतियातन उड़ानों को रद्द या पुनर्निर्धारित कर रही हैं।




