
कौशाम्बी। जनपद के चरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियावां गांव में गुरुवार को पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। इस दौरान हुई जमकर मारपीट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।पुलिस सूत्रों के अनुसार बरियावां गांव निवासी शिवकरन (20) का गांव के ही रामानंद, राम सजीवन समेत अन्य लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गई।इस खूनी संघर्ष में शिवकरन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।चरवा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


