बलौदा बाजार। Baloda Bazar Ispat Plant accident: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में एक रियल इस्पात प्लांट (Real Ispat Plant) में हुए हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो गई। हादसा गुरुवार को कोयला भट्ठे में अचानक हुए विस्फोट के कारण हुआ। प्लांट बकुलाही गांव में स्थित है।
मिली जानकारी के अनुसार मजदूर भट्ठे के आसपास सफाई का काम कर रहे थे, तभी जोरदार धमाका हुआ और गर्म कोयले की चिंगारियों से कई लोग बुरी तरह झुलस गए। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसमान में काफी ऊंचाई तक काला धुआं उठा और आसपास की दीवारें भी कालिख से सन गईं। परिसर में जला हुआ कोयला और राख बिखरी पड़ी थी।
इस घटना में कुछ अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया।
हादसे के बाद भाटापारा ग्रामीण पुलिस और निपनिया चौकी की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सील कर दिया गया और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा नियमों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि विस्फोट का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
इस बीच प्लांट प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान या मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर काफी असंतोष और सवाल उठ रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने घटना पर दुख जताया है। मंत्री ने घायलों के लिए बेहतर और त्वरित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं तथा राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है।
Baloda Bazar Ispat Plant accident: हादसे में घायल मजदूर
- साबिर अंसारी (37 वर्ष), कारपेंटर
- काल्पू भुइयां (51 वर्ष), हेल्पर
- रामू भुइयां (34 वर्ष), हेल्पर
- मोताज अंसारी (26 वर्ष), कारपेंटर
- सराफत अंसारी (32 वर्ष), कारपेंटर

