कोरबा जिले में गेवरा-सेन्दुरगढ़ रेलवे लाइन निर्माण परियोजना में करोड़ों रुपये के सामान की हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. कटघोरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी के ही एक ऑपरेटर और एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने स्टोर से करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य का लोहा और पुरानी रेल पटरियां पार कर दी थीं.
मामला शिवाकृति इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी से जुड़ा है. कंपनी के मुख्य प्रोजेक्ट मैनेजर सुरेंद्र कुमार जांगिड़ ने पुलिस को शिकायत दी थी कि सिंघिया और सुतर्रा स्थित स्टोर से लगभग 2 करोड़ रुपये का लोहे का सामान गायब है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई.



