दिल्ली । साल 2026 की शुरुआत के साथ ही आम लोगों और कारोबारियों को महंगाई का झटका लगा है। सरकार ने 1 जनवरी 2026 से एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि यह बढ़ोतरी केवल 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर पर लागू की गई है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर (14.2 किलो) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। तेल विपणन कंपनियों ने नए साल के मौके पर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 111 रुपए की बढ़ोतरी की है, जो लगभग 7 प्रतिशत के बराबर है।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की वेबसाइट के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर अब 1,691.50 रुपए में मिल रहा है, जो कि जून 2025 के बाद सबसे ऊंचा स्तर है। इंडियन ऑयल की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, अलग-अलग शहरों में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम तय किए गए हैं। नोएडा में इसकी कीमत 1691 रुपए, लखनऊ में 1814 रुपए, भोपाल में 1696 रुपए और गुरुग्राम में 1708.50 रुपए हो गई है, जबकि पटना में यह सिलेंडर अब 1953.50 रुपए में उपलब्ध होगा।



