
शाहजहांपुर। अनीस खां मेमोरियल पीजेंस फ्लाइंग टूर्नामेंट की ओर से विगत दिनों हुई कबूतरबाजी उड़ान प्रतियोगिता के विजेताओं शनिवार को को ट्रॉफी व नगर पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मोहल्ला ऐमन जई जलालनगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कांग्रेसी नेता अशफाक उल्ला खां व विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत शिक्षक महबूब उल्ला तथा पार्षद तालिब खां ने टूर्नामेंट के विजेताओं को ट्रॉफी व नकद राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की। इस दौरान मुख्य अतिथि अशफाक उल्ला खां ने कहा कि कबूतर शांति के प्रतीक हैं। शाहजहांपुर में कबूतर पालन व कबूतरबाजी का शौक बहुत पुराना है। पीजेंस फ्लाइंग टूर्नामेंट विगत कई वर्षों से आयोजित किए जा रहे हैं। विगत 16 नवम्बर को पिजेंन्स उड़ान प्रतियोगिता में 22 टीमों ने हिस्सा लिया था। सभी प्रतियोगियों ने 12 – 12 कबूतर उड़ाए थे। टूर्नामेंट में अरशद अली खां ने प्रथम, मोहम्मद आमिर खां मास्टर ने द्वितीय और सलमान खां ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हरे कबूतर का विशेष पुरस्कार अनीस खां को दिया गया। आयोजक कमेटी अध्यक्ष हबीब उल्ला खां ने विजेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी विजेताओं का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सफवान उल्ला खां, रजा खां, रईस, सुहेल खां, अफज़ल उल्ला खां, शब्बू, तालिब, मंसूब हसन, विनय, सूरज, सहीम आदि मौजूद रहे। संचालन परवेज़ अहमद खां अच्छे ने किया।

