कबाड़ की दुकान में लगी भीषण आग, जेसीबी से शेड तोड़कर पाया काबू

NFA@0298
2 Min Read



इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में हवा बंगला रोड स्थित एक कबाड़ की दुकान में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। दुकान में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, गत्ता और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

फायर ब्रिगेड के एसआई संतोष दुबे ने बताया कि साेमवार सुबह करीब करीब 8 बजे गायत्री गेट, फुटी कोठी रोड क्षेत्र में स्थित कबाड़ की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की एक गाड़ी तुरंत मौके पर रवाना की गई। दमकल कर्मियों ने करीब 10 हजार लीटर पानी डालकर आग को पूरी तरह बुझाया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आसपास के लोगों ने सबसे पहले दुकान के भीतर से धुआं निकलता देखा, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। दुकान के पीछे की ओर प्लास्टिक, गत्ता और कबाड़ का ढेर होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

जेसीबी से तोड़ा शेड, तब काबू में आई आग
आग की सूचना पर द्वारकापुरी पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए जोनल ऑफिसर लोकेश शर्मा ने नगर निगम की जेसीबी बुलवाई। जेसीबी की मदद से दुकान का शेड एक तरफ से तोड़ा गया, जिससे दमकल कर्मियों को अंदर तक पहुंचने में सुविधा मिली और आग पर काबू पाया जा सका। एसआई संतोष दुबे ने बताया कि आग लगने वाली दुकान जितेंद्र पुत्र बाबूराव की है, जो किराए के परिसर में कबाड़ का व्यवसाय करते हैं। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment