भिलाई के हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिस्कोल कंपनी में आज सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे में श्रमिक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिस्कोल कंपनी में फर्स्ट शिफ्ट में काम करने आया लेखु कौशल (34 वर्ष), निवासी गणेश नगर वार्ड-5, जामुल, सुबह करीब 6:30 बजे हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि क्रेन के माध्यम से लोहे का भारी सामान हटाने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से लेखु नीचे गिर गया। इसी दौरान ऊपर से भारी जॉब उसके सिर पर गिर गई, जिससे उसे गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद कंपनी परिसर में शोक का माहौल है।




