
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग 45 से गुजर रहा एक तेज रफ्तार हाईवा मंगलवार को ओवरब्रिज से नीचे उतरकर सर्विस रोड पर चल रही कार और एक बाइक पर जा गिरा।
इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कार सवार पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहपुरा थाना पुलिस के अनुसार, जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे 45 पर मंगलवार को दोपहर में एक हाईवा ट्रक ओवरब्रिज से नीचे उतरकर सर्विस रोड पर चल रही कार पर जा गिरा।
इसी दौरान वहां से गुजर रही एक बाइक भी हाईवा के नीचे आ गई। हादसे में हाईवा ड्राइवर और बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कार में सवार पांच लोग बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस और स्थानीय रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
घायलों को एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, हादसे में हाईवा चालक अंकित मलिक (31) पुत्र मेहर सिंह मलिक निवासी रोहतक, हरियाणा और बाइक चालक बलराम अवस्थी (64) पुत्र फकीरचंद अवस्थी निवासी नटवारा, जबलपुर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि हाईवा की चपेट में आने के कार चकनाचूर हो गई।
शहपुरा थाना प्रभारी प्रवीण धुर्वे ने बताया कि भोपाल का शुक्ला परिवार शादी समारोह में शामिल होने रीवा जा रहा था। कार में एक महिला सहित कुल पांच लोग सवार थे। हादसे से करीब एक घंटे पहले परिवार ने हाईवे किनारे स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया था। उन्होंने कहा कि हाईवा चालक की गलती से हादसा हुआ। मामले की जांच कर रहे हैं।
प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर अपने संदेश में कहा कि जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाहपुरा क्षेत्र में ओवरब्रिज से हाईवा के कार पर गिरने की घटना अत्यंत ह्रदयविदारक है।
इस दुखद घटना के बारे में संबंधितों से जानकारी प्राप्त कर घायलों के त्वरित तथा बेहतर उपचार की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। दुख की इस घड़ी में शोकमय परिवारजन के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। मां नर्मदा से प्रार्थना है कि घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें तथा दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

