
बदायूं। बिसौली तहसील में तैनात एक लेखपाल को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सतीश शर्मा लेखपाल ने किसान ओमप्रकाश निवासी झकोरा से जमीन का पट्टा कराने के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी वहीं पीड़ित किसान ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया। जैसे ही लेखपाल ने तय रकम ली, टीम ने मौके पर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई से तहसील परिसर में अफरा तफरी मच गई और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी लेखपाल को लेकर सिविल लाइन थाना पहुंची, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद तहसील प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है और अन्य कर्मचारियों में भी दहशत का माहौल देखा जा रहा है। एंटी करप्शन टीम का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

