
रामपुर।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर रामपुर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 14 और 15 मार्च 2026 को होने वाली परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों और परीक्षा केंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, शुचिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन कर परीक्षा का संचालन व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अन्य नामित अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता और समयबद्धता के साथ करें। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र रखना अनिवार्य होगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति परीक्षा में व्यवधान डालने या अनुचित गतिविधि करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।


