[ad_1]

कागजों में कार्रवाई, जमीन पर बेखौफ शराब माफिया
उन्नाव। जिले में आबकारी विभाग की सुस्त कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। विभाग भले ही कागजों पर कार्रवाई और पकड़-धकड़ के बड़े दावे कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। कई क्षेत्रों में अवैध शराब का निर्माण और बिक्री खुलेआम जारी है, जिससे प्रशासनिक दावों की पोल खुल रही है। थाना मौरावा क्षेत्र के ग्राम गौरी, हिलौली, घिनाखेड़ा, हड़हा, घनोखर, मवई, गड़डियन खेड़ा, संदाना और खानपुर में अवैध शराब का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। वहीं हसनगंज तहसील के न्योतनी और कुसुम्भी गांव भी इस समस्या से अछूते नहीं हैं। सदर क्षेत्र के चौरा सहित कटरी क्षेत्र के लालूपुर, सन्नी सराय, लेंगड़ापुर और फत्तेपुर में भी यही हालात बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध शराब के कारण क्षेत्र में कभी भी बड़ी घटना हो सकती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीर नहीं दिख रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही, जिससे अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कदम उठाता है या फिर कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रहता है।
इनसेट
आबकारी विभाग समय-समय पर गुडवर्क दिखाते हुए अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई और पकड़-धकड़ का दावा जरूर करता है, लेकिन हकीकत यह है कि क्षेत्र में कच्ची शराब का निर्माण अब भी जारी है। विभाग आंकड़ों में बड़ी मात्रा में अवैध शराब और लहन नष्ट करने की बात कहता है, मगर लगातार सामने आ रही गतिविधियां सवाल खड़े कर रही हैं।
पूर्व में हसनगंज क्षेत्र में जहरीली शराब कांड के बाद तत्कालीन जिला आबकारी अधिकारी समेत कई लोगों पर कार्रवाई हुई थी। उस घटना ने पूरे सिस्टम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। इसके बावजूद आम चर्चा है कि वर्तमान जिला आबकारी अधिकारी खुद कभी दबिश पर नहीं जाते। ऐसे में विभागीय कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित नजर आती है और पूरी मशीनरी कहीं न कहीं विफल साबित होती दिखाई दे रही है।
पूरे मामले को लेकर जब जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्रा को फोन मिलाया गया घंटी जाती रही लेकिन उनका फोन नहीं उठा।
क्या बोले उप आबकारी आयुक्त?
मामले में ज़ब उप आबकारी आयुक्त राकेश कुमार सिंह से वार्ता की गयी तो उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा कार्यवाही की जा रही है। आगे भी कार्यवाही की जाएगी।
[ad_2]
Source link