गरियाबंद। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटी पोचिंग टीम ने वन्यप्राणी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तेंदुए की खाल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में छुरा और नुआपाड़ा जिले का कनेक्शन सामने आया है, जबकि गिरोह के दो अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, एंटी पोचिंग टीम को 5 मार्च को गोपनीय सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे 130C मार्ग से तेंदुए की खाल की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर तौरेंगा वनोपज जांच नाका पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान रायपुर से देवभोग की ओर जा रही मारुति सुजुकी ईको (CG 04 PT 2966) वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से तेंदुए की आधी खाल (बिना सिर और पंजे) बरामद हुई। इसके बाद टीम ने मौके पर ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।




