युद्ध जैसे हालात से जूझ रहे ईरान में फंसे भारतीय छात्रों की स्वदेश वापसी का सिलसिला शुरू होने जा रहा है। जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (JKSA) के अनुसार करीब 100 भारतीय छात्रों का पहला जत्था 14 और 15 मार्च को भारत पहुंचेगा। इन छात्रों में अधिकांश जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं।
जानकारी के मुताबिक छात्र ईरान से सड़क मार्ग के जरिए आर्मेनिया की राजधानी येरेवन स्थित ज्वार्तनोट्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे दुबई होते हुए कमर्शियल फ्लाइट के जरिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक यात्रा करेंगे।
एसोसिएशन के नेशनल कन्वीनर नासिर खुएहामी ने बताया कि उर्मिया शहर से आने वाले ज्यादातर छात्रों के लिए फ्लाईदुबई एयरलाइंस की फ्लाइट FZ8124 की टिकट पहले ही बुक कर दी गई है। इनमें से अधिकतर छात्र 14 मार्च को दिल्ली पहुंचेंगे, जबकि बाकी छात्र 15 मार्च को भारत लौटेंगे।




