अंबिकापुर जिले में शराब तस्करी का एक नया मामला सामने आया है। तस्कर लग्जरी इनोवा कार पर ‘प्रेस’ लिखकर मध्यप्रदेश से गोवा ब्रांड की शराब की तस्करी कर रहे थे। आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 15 पेटी शराब जब्त की है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी इंस्पेक्टर अनिल गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने दरिमा नवानगर क्षेत्र के ग्राम अडची में घेराबंदी कर इनोवा कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से मध्यप्रदेश में निर्मित ‘GOA’ ब्रांड की 15 पेटी अवैध शराब बरामद की गई।
जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी मौका पाकर फरार हो गया। आबकारी विभाग फरार आरोपी की तलाश में जुटा हुआ है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।




