इंदौर। टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला आज इंदौर में खेला जा रहा है। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम बन गया है।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 337 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कीवी टीम की ओर से डेरेल मिशेल और ग्लेन फिलिप्स ने शानदार शतकीय पारियां खेलते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया।
भारतीय टीम की गेंदबाजी की बात करें तो अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट अपने नाम किए, जिससे न्यूजीलैंड की पारी को अंतिम ओवरों में कुछ हद तक रोका जा सका।
अब मुकाबले को जीतने और सीरीज अपने नाम करने के लिए टीम इंडिया को 338 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य हासिल करना होगा। दर्शकों को दूसरे हाफ में एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।




