जशपुर में सामने आई करोड़ों रुपये की हाई-प्रोफाइल चोरी की कहानी बेहद चौंकाने वाली है। इस पूरे मामले की शुरुआत महज एक आईफोन खरीदने की चाहत से हुई थी। जशपुर के जिला परिवहन अधिकारी (आरटीओ) विजय निकुंज के घर में हुई इस चोरी की मास्टरमाइंड उनकी सगी भतीजी मीनल निकुंज निकली।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मीनल ने पहली बार घर की अलमारी से करीब दो लाख रुपये चुराए, ताकि वह आईफोन खरीद सके। जब कई दिनों तक किसी को पैसे गायब होने की भनक नहीं लगी, तो उसका हौसला और बढ़ गया। इसके बाद उसने बार-बार चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।
चोरी के पैसों से मीनल ने न सिर्फ ऐशो-आराम की जिंदगी जी, बल्कि अपने बॉयफ्रेंड को करीब 25 लाख रुपये की लग्जरी कार भी गिफ्ट कर दी। आलीशान पार्टियों और महंगे शौक ने आखिरकार शक की सुई उसकी ओर मोड़ दी। जब मामले से पर्दा उठा, तो पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल चोरी कांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।




