खैरागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में एक ठेकेदार की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान तुलाराम पटेल (45) निवासी किल्लापारा, वार्ड क्रमांक 11 खैरागढ़ के रूप में हुई है। वह बिल्डिंग ठेकेदारी का काम करता था।
बताया गया कि उसके साथ ग्राम गाड़ाडीह की एक महिला मजदूर के रूप में काम करती थी। काम खत्म होने के बाद तुलाराम अक्सर शाम के समय महिला को अपनी मोटरसाइकिल से उसके घर छोड़ने जाया करता था। इसी बात को लेकर कुछ लोगों को अवैध संबंध का शक हो गया, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
आरोप है कि इसी शक के चलते आरोपियों ने ठेकेदार को घेरकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और महज 12 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




