
जामगांव आर। दुर्ग जिले के जामगांव आर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बुजुर्ग आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी एवं अंग्रेजी शराब के साथ नकद रकम भी बरामद की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बोरवाय भाटापारा निवासी एक व्यक्ति अपने घर के बाड़ी में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही जामगांव आर थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी बिसहत जांगड़े (75 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से कुल 32 पौवा शराब (9 पौवा देशी मसाला एवं 23 पौवा अंग्रेजी शराब) बरामद की गई। साथ ही बिक्री की रकम 3200 रुपये भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से शराब का संग्रहण एवं बिक्री की जा रही थी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना जामगांव आर पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील :
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब बिक्री एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।


