बिलासपुर। CG NEWS: जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 जून से 5 जून 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में 16 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश और खनिज प्रशासन के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान 08 हाइवा, 06 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 02 माजदा वाहनों को अवैध रूप से रेत, चूनापत्थर, साधारण पत्थर तथा मिट्टी-ईंट का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। तेंदुआ, कोटा, चौरभट्ठी, कछार, लोफंदी, सेंदरी, निरतु, कोनी, मंगला, हिर्री, पचपेड़ी, गोबरी, आमाकोनी, मल्हार, कुकुर्दीकला, गनियारी, चकरभांठा और अमसेना सहित कई क्षेत्रों में जांच की गई।

सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत 16 प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। जब्त वाहनों को कोनी, कोटा, चकरभांठा, सकरी, हिर्री और पचपेड़ी थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी तथा प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व हानि रोकने के लिए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
