रामनगरी अयोध्या में भगवान श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ आगामी 31 दिसंबर 2025 को श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर 27 दिसंबर से धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत होगी, और मुख्य समारोह 31 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रमों की श्रृंखला 2 जनवरी 2026 तक जारी रहेगी।
इस भव्य आयोजन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। पूजन-अनुष्ठान जगद्गुरु मध्वाचार्य जी की देखरेख में किए जाएंगे। 31 दिसंबर को रक्षा मंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में ध्वजारोहण करेंगे और प्रतिष्ठा द्वादशी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लेंगे।



