गरियाबंद। जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर और आधुनिक तैयारी उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर बी.एस. उइके के मार्गदर्शन में जिले के चारों विकासखंड गरियाबंद, मैनपुर, देवभोग और फिंगेश्वर में “रेस रत्नगर्भा अकादमी फॉर कॉम्पिटिटिव एग्जाम” की शुरुआत की जा रही है। इस अकादमी के माध्यम से विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित आधुनिक शिक्षण प्रणाली के जरिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
अकादमी में एसएससी, सीजी व्यापम, रेलवे, अग्निवीर सहित अन्य प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलेगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही बड़े शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक और भौगोलिक बाधाएं उनकी सफलता के रास्ते में रुकावट न बनें।

AI तकनीक से होगी तैयारी
इस अकादमी की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि यहां विद्यार्थियों को एआई आधारित व्यक्तिगत शिक्षण सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री, नियमित टेस्ट सीरीज, करियर काउंसलिंग और प्रतियोगी माहौल भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे छात्र अपनी कमजोरियों और क्षमताओं के अनुसार तैयारी कर सकेंगे।
12 जून को होगा करियर काउंसलिंग सेमिनार
जिला प्रशासन द्वारा 12 जून 2026 को सुबह 10 बजे वन विभाग परिसर स्थित ऑक्सन हॉल, गरियाबंद में करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इस सेमिनार में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, विभिन्न करियर विकल्पों और अकादमी की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
कलेक्टर बी.एस. उइके ने जिले के विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में सेमिनार में शामिल होने और इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और आधुनिक तकनीक के सहयोग से प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
22 जून से शुरू होंगी नियमित कक्षाएं
रेस रत्नगर्भा अकादमी की नियमित कक्षाएं 22 जून 2026 से प्रारंभ होंगी। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से जिले के युवाओं को प्रतिस्पर्धी माहौल में गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिलेगा और वे विभिन्न सरकारी नौकरियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
पंजीयन के लिए संपर्क
विद्यार्थी अकादमी में पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं—
📞 81303-36675
📞 90983-02971
📞 90989-31525

