पर्यटन सीजन के बीच अचानकमार टाइगर रिजर्व में रोमांचक नज़ारा देखने को मिला। द्वितीय पाली की जंगल सफारी के दौरान रायपुर से आए एक परिवार को बाघ का प्रत्यक्ष दीदार हुआ। जंगल के भीतर बाघ को सामने देखकर पर्यटकों की खुशी देखते ही बन रही थी।
जानकारी के अनुसार रायपुर निवासी हरिशंकर समीर अपने परिवार के साथ अचानकमार टाइगर रिजर्व घूमने पहुंचे थे। उनका पर्यटक वाहन जैसे ही जंगल के भीतर आगे बढ़ा, कुछ ही समय बाद रास्ते में बाघ नजर आ गया। बाघ को देखते ही चालक ने वाहन रोक दिया, जिससे पर्यटकों को सुरक्षित दूरी से उसे देखने का मौका मिला। हालांकि बाघ की सुरक्षा की दृष्टि से उसका निश्चित लोकेशन साझा नहीं किया गया है।
पर्यटकों ने इस दुर्लभ और रोमांचक पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। बाघ को शांति से जंगल में विचरण करते देख परिवार के सदस्य बेहद उत्साहित नजर आए। यह अनुभव उनके लिए पूरी यात्रा का सबसे यादगार क्षण बन गया।
हरिशंकर समीर ने बाघ की फोटो और वीडियो तुरंत टाइगर रिजर्व प्रबंधन के साथ साझा की। बताया गया कि जिस वाहन से परिवार सफारी पर था, उसके चालक जीवन लाल साकत और टूरिस्ट गाइड कुशाल टिलवानी थे, जिनकी सतर्कता से पर्यटकों को सुरक्षित और सुखद अनुभव मिला।
इन दिनों घूमने-फिरने का मौसम होने के कारण अचानकमार टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। बाघ के दीदार की इस घटना ने पर्यटकों के उत्साह को बढ़ा दिया है।

