बिलासपुर जिले में अंधविश्वास और ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद को तांत्रिक बताने वाले विजय कुमार राज ने पैसों की बारिश कर 2.50 लाख रुपये को 2.50 करोड़ बनाने का झांसा देकर लोगों से ठगी की और पूरा खेल एक सुनियोजित नाटक निकला। मामला बिल्हा थाना क्षेत्र के सबलपुरी गांव का है, जहां कथित तांत्रिक विजय कुमार राज ने सरपंच पति के घर अनुष्ठान रचाया, पैसों की गड्डी के सामने नारियल-अगरबत्ती रख पूजा कराई और वीडियो बनवाया, जिसके बाद ऊपर से नोटों की बारिश होती दिखाई गई।
इस वीडियो को दिखाकर कोरिया जिले के चार युवकों को झांसे में लिया गया और 30 जनवरी को उन्हें बिल्हा बुलाकर 2.50 लाख रुपये ठग लिए गए। जब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ और वे अपना पैसा वापस मांगने पहुंचे, तब तक तांत्रिक और उसके साथी फरार हो चुके थे।



