होली पर दुर्ग जिले में कड़ी सुरक्षा: 900 पुलिस जवान तैनात, 73 पेट्रोलिंग पार्टियां और 25 नाकाबंदी प्वाइंट

NFA@0298
2 Min Read


दुर्ग। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाने के लिए दुर्ग जिला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिले भर में लगभग 900 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही 73 पेट्रोलिंग पार्टियां, 30 बाइक (बाज) पेट्रोलिंग टीम और 25 नाकाबंदी प्वाइंट बनाकर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने पूरे जिले को 10 अनुविभागों में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। शहर से लेकर अंदरूनी इलाकों, गलियों और बस्तियों में भी बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी।
होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग मचाने, दोपहिया पर तीन सवारी चलने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने तथा अवैध मादक पदार्थ और हथियारों के परिवहन पर विशेष नजर रखी जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिले में 139 महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हित कर फिक्स प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर 25 नाकाबंदी चेकिंग प्वाइंट लगाकर वाहनों की जांच की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि 2 मार्च को होलिका दहन तथा 4 मार्च को रंग-गुलाल की होली मनाई जाएगी। इससे पहले जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों और नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है।
2 मार्च को दोपहर 12 बजे कंट्रोल रूम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी में लगे पुलिस बल की ब्रीफिंग की जाएगी। वहीं दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में दोपहर 2 बजे फ्लैग मार्च भी निकाला जाएगा।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल 112 या 9479192099 पर दें।



Source link

Share This Article
Leave a Comment