
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब इलाके में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। सदर बाजार स्थित सुमित ज्वेलर्स (Sumit Jewellers) और शुभम के मार्ट से जुड़े कारोबारी के मकान से करीब 17 लाख रुपये नकद चोरी हो गए। इस मामले में कटोरा तालाब स्थित घर से चोरी की शिकायत सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी नमित कांकरिया ने बताया कि 28 मार्च की रात उन्होंने 17 लाख रुपये नकद अपने घर की अलमारी में रखे थे। सुबह दफ्तर जाने से पहले भी रकम वहीं सुरक्षित थी। लेकिन, दोपहर में जब वह वापस घर लौटे तो अलमारी में रखी पूरी रकम गायब मिली।
प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि रकम गायब मिलने के बाद उन्होंने घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन पैसों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने तुरंत सिविल लाइन थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि चोरी की वारदात में घर के भीतर मौजूद किसी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें: 39 लाख की ठगी के 135 दिन बाद DGP के निर्देश पर FIR, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल


