लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम ने भरा नामांकन, निर्विरोध निर्वाचन तय

NFA@0298
2 Min Read


लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम ने भरा नामांकन, निर्विरोध निर्वाचन तय


05-Mar-2026 12:40 PM

राज्यसभा चुनाव: नवीन मारकंडेय पीछे हटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

रायपुर, 4 मार्च।
छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी राजनीतिक सरगर्मी के बीच भाजपा और कांग्रेस के घोषित प्रत्याशियों ने बुधवार को नामांकन दाखिल कर दिया। भाजपा की ओर से लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की ओर से फूलोदेवी नेताम ने विधानसभा भवन में अपना नामांकन पत्र जमा किया। दोनों के निर्विरोध निर्वाचित होने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है।

नामांकन के अंतिम दिन विधानसभा परिसर में काफी गहमागहमी रही। चर्चा थी कि पूर्व विधायक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री नवीन मारकंडेय भी नामांकन दाखिल कर सकते हैं। उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीदा था, लेकिन पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि अब वे नामांकन दाखिल नहीं करेंगे।

भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव मौजूद रहे। लक्ष्मी वर्मा ने नामांकन के तीन सेट जमा किए।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक नवीन मारकंडेय को पहले डमी प्रत्याशी के तौर पर पर्चा दाखिल करने की संभावना जताई जा रही थी।

विधानसभा में संख्या बल के आधार पर भाजपा और कांग्रेस को एक-एक सीट मिलना लगभग तय है। हालांकि भाजपा की नजर कांग्रेस के प्रत्याशी पर टिकी हुई थी। यदि कांग्रेस राज्य से बाहर के किसी नेता को उम्मीदवार बनाती, तो भाजपा नवीन मारकंडेय को वास्तविक प्रत्याशी बनाकर मुकाबला खड़ा कर सकती थी।

लेकिन कांग्रेस ने मौजूदा राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम को दोबारा मैदान में उतारने का फैसला किया। इसके बाद भाजपा ने अपनी रणनीति बदली और नवीन मारकंडेय ने नामांकन दाखिल नहीं किया।

कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम के नामांकन के दौरान नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित कई कांग्रेस विधायक मौजूद रहे।



Source link

Share This Article
Leave a Comment