
राष्ट्रपति के अपमान पर टीएमसी माफी मांगे -साय
07-Mar-2026 10:48 PM
रायपुर,7 मार्च। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की बेटी और देश की राष्ट्रपति का अपमान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भारत के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और पूरे आदिवासी समाज की अस्मिता का अपमान है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि वोटबैंक की राजनीति और तुष्टिकरण में लिप्त तृणमूल कांग्रेस और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सत्ता के अहंकार में इतने डूब चुके हैं कि उन्हें देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा का भी ख्याल नहीं रहा। उन्होंने कहा कि यह न केवल शर्मनाक है, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं का खुला अपमान है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का पद दलगत राजनीति से कहीं ऊपर है और देश की प्रथम नागरिक के प्रति इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र की बुनियादी परंपराओं पर गहरा आघात है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस को इस घोर आपत्तिजनक कृत्य के लिए पूरे देश और आदिवासी समाज से तत्काल माफी मांगनी चाहिए।


