राज्यपाल सीवी आनंद बोस के इस्तीफ़े पर क्या बोलीं सीएम ममता बनर्जी?
05-Mar-2026 10:09 PM
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस के इस्तीफ़े पर हैरानी जताई है. इसके साथ ही, उन्होंने केंद्र सरकार पर ‘एकतरफ़ा फ़ैसले लेने’ का आरोप लगाया है.
उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, “पश्चिम बंगाल के गवर्नर सीवी आनंद बोस के इस्तीफ़े की अचानक आई ख़बर से मैं हैरान और बहुत परेशान हूं.”
“उनके इस्तीफ़े की वजह मुझे अभी पता नहीं है. हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए, मुझे हैरानी नहीं होगी अगर आने वाले राज्य विधानसभा चुनावों से ठीक पहले राज्यपाल पर केंद्रीय गृह मंत्री ने कुछ राजनीतिक फ़ायदे के लिए दबाव डाला हो.”
‘आरएन रवि को बनाया जा रहा पश्चिम बंगाल का राज्यपाल’
सीएम ममता बनर्जी ने लिखा, “केंद्रीय गृह मंत्री ने अभी मुझे बताया कि आरएन रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया जा रहा है. उन्होंने इस बारे में तय रिवाज़ के मुताबिक़ मुझसे कभी सलाह नहीं ली.”
उन्होंने लिखा कि केंद्र को ऐसे एकतरफ़ा फ़ैसले लेने से बचना चाहिए, जो लोकतांत्रिक रिवाज़ों और राज्यों के सम्मान को ख़त्म करते हैं. (bbc.com/hindi)

