मां के निधन के बाद सरेंडर करने आ रहे अमित बघेल को पुलिस ने हिरासत में लिया, कोर्ट में करेंगे पेश

NFA@0298
3 Min Read


रायपुर। अग्रसेन महाराज और सिंधी समाज के ईष्ट झूलेलाल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद फरार चल रहे छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल (Amit Baghel) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वे सरेंडर करने पुलिस स्टेशन आ रहे थे, उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को सरेंडर करने आने से पहले ही उनकी मां का भी निधन हो गया है। उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही है।

अमित के खिलाफ देशभर में एफआईआर है और सुप्रीम कोर्ट ने भी एफआईआर क्लबिंग से मना करते हुए सभी केस का सामना करने की फटकार लगाई है।

रायपुर में अमित बघेल के खिलाफ देवेंद्र नगर में एफआईआर है। कोर्ट और देवेंद्र नगर थाने को पुलिस ने चारों तरफ से घेर लिया है।

सरेंडर से पहले ही गिरफ्तारी की तैयारी है।

दूसरी तरफ शुक्रवार तड़के अमित बघेल की मां की मौत  हो गई  है। उनके शव को परिजन पैतृक गांव पथरी ले गए हैं, जहां उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही है। थोड़ी ही देर में पुलिस अमित बघेल को कोर्ट में पेश करेगी, जहां वे अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कोर्ट में आवेदन लगा सकते हैं।

अमित बघेल पिछले करीब महीने भर से आपत्तिजनक बयान मामले में फरार चल रहे थे। अमित बघेल के सरेंडर को लेकर पुलिस को आशंका है कि बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर पहुंच सकते हैं, इसलिए पुलिस ने थाने और कोर्ट परिसर के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है।

26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान अमित बघेल की अग्रिम जमानत और देशभर की एफआईआर क्लबिंग की याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए कहा था कि अपनी भाषा पर संयम रखें और जहां-जहां मामले दर्ज हैं, वहां की कानूनी प्रक्रिया का सामना करें।

अमित बघेल के खिलाफ छत्तीसगढ़ में करीब आधा दर्जन एफआईआर के अलावा 12 अलग-अलग राज्यों में एफआईआर  की गई है।

27 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़े जाने के विवाद के बीच अमित बघेल ने अग्रसेन महाराज और सिंधी समाज के ईष्ट देवता झूलेलाल को लेकर विवादित टिप्पणी की थी।

यह भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट ने अमित बघेल की अग्रिम जमानत याचिका और देशभर की FIR क्लबिंग की याचिका की खारिज



Source link

Share This Article
Leave a Comment