पाटन। श्री हनुमान मंदिर प्रांगण, बाजार चौक पाहंदा में 2 जनवरी से भव्य श्रीराम कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस पावन धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रीराम कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों पर सारगर्भित प्रवचन हो रहे हैं, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।
श्रीराम कथा महोत्सव के प्रथम दिवस पर प्रवचन करते हुए परमपूज्य दीदी मां मंदाकिनी श्रीरामकिंकर ने कहा कि 21वीं सदी में भौतिक जगत में अभूतपूर्व उन्नति हो रही है। हर दिशा में विकास दिखाई देता है, लेकिन यह उन्नति केवल भौतिकता तक सीमित होकर रह गई है।
उन्होंने कहा कि जब हम पारिवारिक जीवन की ओर दृष्टि डालते हैं और आत्ममंथन करते हैं, तो यह स्पष्ट होता है कि आज व्यक्ति का जीवन तनाव से ग्रसित है। मनुष्य का शरीर निरंतर अस्वस्थ होता जा रहा है। छोटे-छोटे बच्चों में भी हार्ट अटैक जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं। समाज धीरे-धीरे विकलांगता की ओर अग्रसर होता जा रहा है।
दीदी मां ने कहा कि कलियुग में धार्मिक आयोजनों की मानो बाढ़ आ गई है, लेकिन इसके बावजूद व्यक्ति परमार्थ को छोड़कर स्वार्थ का जीवन जीने लगा है। आज प्रत्येक व्यक्ति सुविधा-भोगी बन गया है। सुख-सुविधाओं के साधन प्राप्त करने की दौड़ में धर्म, श्रद्धा और संयम पीछे छूटते जा रहे हैं, जिससे जीवन में कष्ट बढ़ रहा है।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज जिन पंडालों में चमत्कार और त्वरित उपाय बताए जाते हैं, वहां भारी भीड़ उमड़ पड़ती है। यह प्रवृत्ति व्यक्ति को कर्मशील बनाने के बजाय अकर्मण्य बना रही है। आवश्यकता इस बात की है कि व्यक्ति धर्म को केवल सुनने या दिखावे तक सीमित न रखे, बल्कि उसे अपने आचरण में उतारे।
श्रीराम कथा महोत्सव के दौरान पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से जीवन को दिशा देने वाली अनेक अच्छी बातें सुनने को मिलती हैं, लेकिन दुर्भाग्यवश हम उन्हें अपने जीवन में आत्मसात नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि आवश्यक है कि हम केवल सुनने तक सीमित न रहें, बल्कि उन विचारों को व्यवहार में भी लाएं।
इस अवसर पर पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित नंदलाल साहू, गंगूराम साहू, चेतन देवांगन, राजेंद्र साहू, कुलेश्वर साहू, राजेश्वर साहू, दीपक यादव, राजू लाल साहू, चिंटू देवांगन, चेलाराम साहू, टिकेंद्र देवांगन, भेनू साहू, गजेन्द्र साहू, हेमंत साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं श्रोता उपस्थित रहे।

