रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव (Rajya Sabha Election) की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल कर दिए हैं।
भाजपा की ओर से लक्ष्मी वर्मा ने नामांकन भरा है, जबकि कांग्रेस ने एक बार फिर फूलो देवी नेताम पर भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया है। तीसरे किसी भी प्रत्याशी ने फॉर्म नहीं भरा, इसलिए अब क्रॉस वोटिंग का खतरा नहीं है।
नवा रायपुर के छत्तीसगढ़ विधानसभा में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के दौरान भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि अगर उन्हें संसद जाने का मौका मिलता है तो वे महिलाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का काम करेंगी।
इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित भाजपा और सरकार के तमाम मंत्री मौजूद थे।
लक्ष्मी वर्मा न केवल संगठनात्मक रूप से मजबूत पृष्ठभूमि रखती हैं, बल्कि वे भाजपा की ओर से राज्यसभा के लिए पहली ओबीसी उम्मीदवार भी हैं और वो भी महिला। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य के रूप में महिलाओं के अधिकार और संरक्षण से जुड़े मामलों पर कार्य कर रही हैं।
लक्ष्मी वर्मा भाजपा में प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व निभा चुकी हैं। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और नेतृत्व क्षमता के कारण वे लंबे समय से पार्टी की विश्वसनीय चेहरा मानी जाती हैं।
कांग्रेस की ओर से फूलो देवी नेताम ने भी अपना नामांकन दाखिल किया।
उन्होंने दोबारा मौका मिलने पर कांग्रेस आलाकमान का आभार जताया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई कांग्रेसी विधायक मौजूद थे।
फूलो देवी नेताम वर्तमान में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। उनका कार्यकाल खत्म होने वाला था, लेकिन पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा उम्मीदवार बनाया है।
हालांकि कांग्रेस में टिकट को लेकर कई बड़े नेताओं के नाम भी चर्चा में थे। संभावित नामों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री टीएस सिंह देव के नाम भी शामिल थे। लेकिन, आखिरकार पार्टी ने फूलो देवी नेताम को ही मैदान में उतारने का फैसला किया।
राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया के तहत 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 9 मार्च तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकते हैं।
16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि उसी दिन शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी।
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 20 मार्च तक पूरी चुनाव प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
यह भी पढ़ें : राज्यसभा: छत्तीसगढ़ कांग्रेस क्रॉस वोटिंग की आशंका में चौकन्नी

