
उन्नाव। यूपीएस रामपुर गढ़ौवा में एक प्रेरणादायक सम्मान समारोह के आयोजन के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खुशी और उपासना को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पीएसपीएसए जिलाध्यक्ष संजीव संखवार ने अपना जन्मदिन बच्चों के साथ मनाते हुए केक काटा और छात्राओं को सम्मानित किया। उनके द्वारा छात्रा खुशी को रेंजर साइकिल तथा उपासना को टाइटन घड़ी भेंट की गई। दोनों छात्राओं की लगातार शानदार उपलब्धियों पर यह सम्मान दिया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने साइकिल चलाकर साथियों के साथ खूब मस्ती की। पीएस रामपुर गढ़ौवा की प्रधान शिक्षिका आरती ने भी दोनों छात्राओं को 501 रुपये का उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
जिलाध्यक्ष संजीव संखवार ने कहा कि “बच्चों की मेहनत और प्रदीप वर्मा के समर्पण का यह परिणाम है। ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
वहीं विद्या सागर मिश्र ने कहा कि “ विद्यालय और बच्चे लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहे है। बच्चों का यह प्रदर्शन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।”
कार्यक्रम में शिक्षक प्रदीप वर्मा, शशि देवी, शाहे खुबा, रमनजीत कौर, इंद्रपाल, लक्ष्मी यादव, विद्या सागर मिश्र, आरती सिंह, प्रीति चक, मनोज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया, जबकि शिक्षकों ने इसे बच्चों की मेहनत और लगन का परिणाम बताया।
विद्यालय में हुए इस आयोजन ने न केवल बेटियों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की नई प्रेरणा दी। खुशी और उपासना के माता पिता सहित ग्रामीण भी बच्चों को मिले उपहारों और डीएम उन्नाव द्वारा प्रतिभा के सम्मान से गदगद नजर आए।


