
कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन किया। उन्होंने मालदा टाउन स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर हावड़ाझ्रगुवाहाटी (कामाख्या) वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को रवाना किया। उद्घाटन के दिन यह ट्रेन मालदा से असम के कामाख्या के लिए रवाना हुई, जबकि नियमित रूप से इसका परिचालन हावड़ा से किया जाएगा।
इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘बंगाल की इस पावन भूमि से आज से भारत में वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की शुरुआत हो रही है। ये नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन देशवासियों के लंबे सफर को और आरामदायक बनाएगी, शानदार बनाएगी, यादगार बनाएगी। यह वंदे भारत ट्रेन मेड इन इंडिया है, इसे बनाने में हम भारतीयों का पसीना लगा है। देश की यह पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, मां काली की धरती को, मां कामाख्या की भूमि को जोड़ रही है। आने वाले समय में पूरे देश में इस आधुनिक ट्रेन का विस्तार होगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रेन का निरीक्षण किया और लोको पायलटों तथा ट्रेन स्टाफ से बातचीत की। ट्रेन में मौजूद स्कूली बच्चों से भी उन्होंने संवाद किया।प्रधानमंत्री ने इसे ‘मेक इन इंडिया’ पहल का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया और कहा कि यह ट्रेन यात्रियों को सस्ती, आरामदायक और तेज यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी।
आधुनिक साज-सज्जा वाली इस अत्याधुनिक स्लीपर ट्रेन से यात्रियों का कम से कम छह घंटे का समय बचेगा। उद्घाटन दिवस पर यह ट्रेन मालदा टाउन से रवाना होने के बाद सात स्टेशनों पर रुकी जो हैं – अलुआबाड़ी रोड, न्यू जलपाईगुड़ी, जलपाईगुड़ी रोड, न्यू कूचबिहार, न्यू अलीपुरद्वार, न्यू बोंगाईगांव और रंगिया।

