
नई दिल्ली। बिहार के बक्सर जिले में साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA (सीआईए) की वेबसाइट पर आपत्तिजनक पोस्ट करने और भारत के प्रधानमंत्री की सुरक्षा खतरे में डालने का दावा करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के घर से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
बक्सर पुलिस ने द लेंस को बताया कि उक्त युवक का पिता पुजारी है। खुद अमन कुमार तिवारी नाम का यह लड़का कक्षा 12 पास है। इस लड़के ने अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA की वेबसाइट पर संदेश भेजकर दावा किया था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है, इसके बदले में उसे पैसे चाहिए।
गुप्त सूचना के आधार पर उप पुलिस अधीक्षक साइबर सेल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। सिमरी थाना क्षेत्र के आशा पादरी गांव से अमन कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसकी पुष्टि पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शनिवार को की।
पुलिस ने उसके घर से एक लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सबूत जब्त किए।पुलिस के बयान में कहा गया कि आरोपी ने विदेशी खुफिया एजेंसी (की वेबसाइट पर संदेश डाला और भारतीय प्रधानमंत्री की सुरक्षा भंग करने के बदले पैसे की मांग की।
पुलिस ने यह भी बताया कि उसके परिसर से नकली पहचान दस्तावेज भी बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी के मोबाइल में कई वीपीएन और क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े ऐप मिले हैं। लैपटॉप में टोर ब्राउज़र इंस्टॉल पाया गया, जिसका उपयोग डार्क वेब एक्सेस करने के लिए किया जाता है। इसके अलावा फर्जी पहचान पत्र भी बरामद हुआ है।
अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि पुलिस को इस मामले की जानकारी पीएमओ से मिली या फिर अमन तिवारी की किसी जानने वाले ने उसकी सुराग़कशी कर दी?
इस पूरे मामले की जांच पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर की गई। टीम में अंचल निरीक्षक ब्रह्मपुर ओम प्रकाश कुमार, साइबर थाना के कई पुलिस अधिकारी, सिमरी थाना पुलिस और डीआईयू बक्सर के अधिकारी शामिल रहे।
साइबर थाने का कहना था कि अमन कुमार तिवारी के अन्य संबंधों के बारे में पता लगाया जा रहा है। घटना की विस्तृत रिपोर्ट दिल्ली भेज दी गई है।
यह भी पढ़ें: US-Iran Peace Talks: भारी तनाव के बीच ईरान से बात करने पाकिस्तान पहुंचा अमेरिकी डेलिगेशन


