नौकरी लगाने के नाम पर 10 लाख की ठगी, दंपत्ति गिरफ्तार

NFA@0298
2 Min Read


दुर्ग। नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी करने वाले दंपत्ति को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले मंत्रालय में सहायक ग्रेड-3 और बाद में एनटीपीसी में एई (Assistant Engineer) पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर प्रार्थी से किस्तों में रकम वसूली थी।
मिली जानकारी के अनुसार बोरीगारका निवासी रविकांत साहू ने थाना पदमनाभपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि न्यू आदर्श नगर निवासी प्रिया देशमुख (36) और प्रशांत कुमार देशमुख (49) ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। मंत्रालय में सहायक ग्रेड-3 की नौकरी नहीं लगने पर आरोपियों ने एनटीपीसी में एई पद पर नियुक्ति कराने का भरोसा दिलाया और किस्तों में कुल 10 लाख रुपये ले लिए। बाद में आरोपियों ने ई-मेल के माध्यम से फर्जी नियुक्ति पत्र भेज दिया।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत धारा 420, 467, 468 और 120(बी) भादवि के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने प्रिया देशमुख को 28 फरवरी को तथा सह-आरोपी प्रशांत कुमार देशमुख को 1 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से फर्जी नियुक्ति पत्र की प्रिंट कॉपी, मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए हैं।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी या अर्धशासकीय नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों से सावधान रहें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



Source link

Share This Article
Leave a Comment