नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

NFA@0298
2 Min Read



सहारनपुर : मामला बेहट थाना क्षेत्र के गांव लोधीपुर निवासी नाथीराम पुत्र मंगूराम की बेटी राधा से जुड़ा है. नाथीराम ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी राधा की शादी 24 नवंबर 2025 को सलेमपुर भुकड़ी निवासी सुजीत पुत्र योगेश के साथ हिंदू रीति रिवाज से की थी.

शादी में हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ. आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से राधा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा. पति सुजीत, सास संयोगिता, ससुर योगेश और देवर सुमित उर्फ हार्दिक लगातार ऑल्टो कार और ढाई लाख रुपये की मांग कर रहे थे. राधा के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न की बात भी सामने आई है.

पीड़ित पिता के अनुसार करीब दस दिन पहले सुजीत राधा को मायके लेकर आया था और दहेज की मांग दोहराई थी. मांग पूरी न होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई. समाज और रिश्तेदारों के समझाने के बाद राधा को वापस ससुराल भेज दिया गया.

8 जनवरी 2026 की सुबह करीब दस बजे सुजीत ने फोन कर बताया कि राधा की तबीयत खराब है और उसे हार्ट अटैक आया है. जब मायके पक्ष सलेमपुर भुकड़ी पहुंचा तो राधा मृत अवस्था में मिली. गले पर स्पष्ट निशान थे, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है.

मृतका के भाई अमित कुमार ने बहन की गला घोंटकर हत्या का आरोप लगाते हुए इंसाफ की मांग की है. उनका कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर राधा की हत्या की गई. एएसपी मनोज यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.

शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच कर रही है.

 



Source link

Share This Article
Leave a Comment