
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के राघोपिपलिया गांव में मंगलवार को तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शवों को तालाब से निकालकर पोस्टमार्टम के अस्पताल पहुंचाया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नानाखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राघोपिपलिया में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे 15 वर्षीय रोहित पुत्र गोरधन राजोरिया और 14 वर्षीय दीपेश पुत्र पवन राजोरिया अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गए थे। नहाते समय वे गहराई में चले गए और डूब गए। उनके साथ मौजूद एक अन्य बच्चे ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में तलाश शुरू की। लगभग एक से दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों किशोरों के शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
गांव के युवक बहादुर मालवीय ने बताया कि दोनों बच्चे नहाने के लिए तालाब गए थे। सूचना मिलने पर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और तालाब में उतरकर दोनों को बाहर निकाला। हालांकि, काफी समय बीत जाने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। शवों को बाहर निकालने में लगभग एक से दो घंटे का समय लगा।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि तपोभूमि और ब्रिज के आगे स्थित तालाब में दो बच्चों के डूबने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से दोनों बच्चों को बाहर निकाला। वे मृत पाए गए। दोनों शवों को सिविल अस्पताल भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

