नई दिल्ली | GRAND NEWS: भारतीय जनता पार्टी ने आगामी तेलंगाना नगर पालिका और कॉर्पोरेशन चुनावों को लेकर संगठनात्मक स्तर पर बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने तेलंगाना में चुनावी रणनीति को धार देने के लिए महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार को तेलंगाना नगर पालिका एवं कॉर्पोरेशन चुनावों का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा को चुनाव सह-प्रभारी बनाया गया है। यह सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नई टीम को चुनावी प्रबंधन, संगठनात्मक समन्वय, बूथ स्तर की रणनीति और स्थानीय मुद्दों पर फोकस करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि अनुभवी और सशक्त नेतृत्व के साथ पार्टी तेलंगाना में स्थानीय निकाय चुनावों में मजबूती के साथ उतरेगी और कांग्रेस सहित अन्य दलों को कड़ी चुनौती देगी। इन नियुक्तियों को तेलंगाना में भाजपा की चुनावी तैयारियों को तेज करने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



