
रायपुर। CG WEATHER UPDATE : छत्तीसगढ़ में मंगलवार से अगले 4-5 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन की संभावना जताई गई है। 48 घंटे बाद प्रदेश में वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होने का भी अनुमान है।
अगले 2-3 दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं, ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि 12 से 15 जून के बीच प्रदेश में मानसून प्रवेश कर सकता है। आमतौर पर छत्तीसगढ़ में मानसून 10 से 15 जून के बीच प्रवेश करता है।

फिलहाल प्री मानसून की गतिविधियां जारी हैं। अगले 4-5 दिनों तक मेघगर्जन की गतिविधि के साथ तेज हवा तथा हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। वहीं 11 जून से मेघगर्जन की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है। फिलहाल अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
मौसम केंद्र, रायपुर की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैली ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बनी हुई है। एक द्रोणििका पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण से लेकर उत्तरपूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तक समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर स्थित है।
रायपुर में मंगलवार (9 june 2026) को आकाश आंशिक मेघमय रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 डिग्री सेल्सियस और 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। रायपुर, बिलासपुर, और सरगुजा संभाग के जिलों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। दिन का तापमान सामान्यतः 38 डिग्री सेल्सियस से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
मंगलवार को इन जिलों में अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश के साथ 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से अचानक तेज हवा/आंधी चलने की संभावना है।
सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और वर्षा के साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से अचानक तेज हवा चलने की संभावना है।



