छज्जा गिरा, टला बड़ा हादसा, कुसमुंडा कॉलोनी के ज्यादातर मकान जर्जर

NFA@0298
3 Min Read


छज्जा गिरा, टला बड़ा हादसा, कुसमुंडा कॉलोनी के ज्यादातर मकान जर्जर


11-Apr-2026 3:24 PM

रहवासी बोले- हर दिन डर में गुजर रहा, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 11 अप्रैल। जिले के एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र स्थित विकास नगर कॉलोनी में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। एमडी 106 नंबर क्वार्टर का छज्जा अचानक गिर पड़ा, लेकिन अंदर मौजूद परिवार सुरक्षित बच गया। इस घटना ने कॉलोनी में रह रहे खदान कर्मियों और उनके परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, विकास नगर कॉलोनी के ज्यादातर मकान लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। दीवारों में दरारें, कमजोर छतें और गिरते हिस्से अब आम बात हो गई है। आए दिन कहीं न कहीं से प्लास्टर या छज्जा गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे रहवासियों में डर का माहौल बना हुआ है।

एसईसीएल कर्मी देवा कुमार राउत ने बताया कि कॉलोनी की खराब स्थिति को लेकर कई बार प्रबंधन को लिखित शिकायत दी गई है। मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए आवेदन भी किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन की अनदेखी के कारण कर्मचारी और उनके परिवार जान जोखिम में डालकर रहने को मजबूर हैं।

घटना के बाद कॉलोनी में लोगों का आक्रोश साफ नजर आया। रहवासियों का कहना है कि वे हर दिन डर के साये में जी रहे हैं। रात में सोते समय भी यह चिंता बनी रहती है कि कहीं छत या दीवार अचानक न गिर जाए।

कॉलोनी के बुजुर्गों ने बताया कि ये मकान कई दशक पुराने हैं और लंबे समय से इनका रखरखाव नहीं हुआ है। बारिश के मौसम में हालात और बिगड़ जाते हैं। दीवारों में सीलन और पानी के रिसाव से ढांचा और कमजोर हो गया है।

कई परिवारों ने अपनी सुरक्षा के लिए खुद खर्च कर मरम्मत कराई, लेकिन पुराने ढांचे के कारण समस्या फिर से उभर आती है। लोगों का कहना है कि यह परेशानी सिर्फ कुछ घरों तक सीमित नहीं, बल्कि पूरी कॉलोनी की स्थिति खराब है। यदि जल्द सुधार नहीं किया गया, तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।



Source link

Share This Article
Leave a Comment