चाइनीज मांझे के प्रयोग मामले में पुलिस ने 66 से अधिक लोगों को किया गिरफ्तार

NFA@0298
2 Min Read


जौनपुर। यूपी के जौनपुर में गुरुवार को पुलिस प्रशासन ने चाइनीज मांझे के निर्माण, बिक्री और उपयोग के खिलाफ कड़ा अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत पतंग उड़ाने वाले और बेचने वाले 66 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।

सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के निर्देश पर यह कार्रवाई कोतवाली, जफराबाद, लाइन बाजार और तेजीबाजार थाना क्षेत्रों में की गई है। अभियान के दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र से 24 लोगों को चाइनीज मांझे का उपयोग करने या बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

इसी क्रम में, जफराबाद पुलिस ने चाइनीज मांझे का प्रयोग कर पतंग उड़ा रहे 9 आरोपियों को हिरासत में लिया। थाना लाइन बाजार पुलिस ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए चाइनीज मांझे का उपयोग कर पतंग उड़ाने वाले 16 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

इसके अतिरिक्त, प्रतिबंधित सिंथेटिक मांझे के साथ एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया है। तेजीबाजार पुलिस ने भी इस अभियान के तहत एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चाइनीज मांझा मानव जीवन के लिए अत्यंत खतरनाक है। इसके निर्माण, बिक्री और उपयोग पर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गिरफ्तार आरोपित युवकों के पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा पकड़ा गया है।

 

9e8270a7df34b839dc8901b1e32507dd_1997112769



Source link

Share This Article
Leave a Comment