
दुर्ग। कुम्हारी स्थित खारून नदी ब्रिज में प्रस्तावित मरम्मत कार्य के चलते 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जाएगा। इस दौरान ब्रिज पर आवागमन प्रभावित रहेगा और यातायात पुलिस द्वारा व्यापक डायवर्सन प्लान लागू किया जाएगा। भारी, मध्यम और छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 भिलाई में मंगलवार को आयोजित बैठक में इस संबंध में विस्तृत योजना को अंतिम रूप दिया गया। बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में संपन्न हुई। इसमें यातायात प्रभारी रिचा मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अपर कलेक्टर वीरेंद्र ठाकुर, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बीएसपी और निर्माण एजेंसी के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में डायवर्सन मार्गों का निरीक्षण कर यातायात दबाव, सड़क की स्थिति और संभावित जाम बिंदुओं का आकलन किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे पूरे मार्ग का भ्रमण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
🚧 ऐसे रहेगा ट्रैफिक डायवर्सन
▪️ राजनांदगांव की ओर से भारी वाहन
अंजोरा बाईपास – पुलगांव चौक – अंडा – रिसामा – मचांदुर – गाड़ाडीह – मर्रा – जामगांव एम – मोतीपुर – अमलेश्वर होते हुए रायपुर जाएंगे।
▪️ सिरसा गेट से मध्यम व छोटे वाहन
सिरसा गेट चौक – अंडर ब्रिज – सिरसा कला – औरी – अमलीडीह – मोतीपुर – अमलेश्वर – रायपुर।
▪️ बालोद की ओर से भारी वाहन
अंडा – रिसामा – मचांदुर – गाड़ाडीह – मर्रा – फूंडा – जामगांव एम – मोतीपुर – अमलेश्वर।
▪️ धमधा/अहिवारा से आने वाले वाहन
अहिवारा – मुरमुंदा चौक – ओटेबंद – गुधेली – बाना – कंकारका – पाथर्डीह – उरला (रायपुर)।
▪️ रायपुर से छोटे वाहन
पुराने पुल (कांजी हाउस) से परसदा मोड़ मार्ग का उपयोग करेंगे।
🏭 बीएसपी वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था
बीएसपी प्लांट से रायपुर जाने वाले वाहनों को उतई – सेलुद – फूंडा – मोतीपुर मार्ग से भेजा जाएगा।
⚙️ निर्माण एजेंसी को निर्देश
मरम्मत कार्य के दौरान 24 घंटे वालेंटियर तैनात रहेंगे। ब्रिज के दोनों छोर, सिरसा गेट चौक और अमलेश्वर में क्रेन की व्यवस्था रहेगी ताकि खराब वाहनों को तुरंत हटाया जा सके। सभी डायवर्सन प्वाइंट पर रूट मैप और संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे।
🚨 सख्त निगरानी
यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। निर्धारित मार्ग से हटकर चलने वाले भारी वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी।
🙏 पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि 1 से 15 अप्रैल के बीच कुम्हारी मार्ग का उपयोग न करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें। यातायात नियमों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


